मांडर (रांची): बुजुर्गों को दैनिक जीवन में होने वाली परेशानियों से राहत दिलाने के उद्देश्य से शनिवार को टांगरबसली पंचायत भवन में राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत सहायता शिविर लगाया गया। इसमें 213 वरिष्ठ नागरिकों को उनकी जरूरत के अनुसार व्हीलचेयर समेत विभिन्न सहायक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए गए।

शिविर का शुभारंभ मांडर प्रखंड प्रमुख फिलिप सहाय एक्का ने किया। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को सम्मानजनक और सुविधाजनक जीवन उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने 60 वर्ष से अधिक उम्र की उन महिलाओं को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया, जो अब तक योजना से वंचित हैं।
कांग्रेस नेता तसलीम अंसारी ने सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद बुजुर्गों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर से उन वरिष्ठ नागरिकों को सीधी मदद मिलती है, जिन्हें दैनिक कार्यों में सहायक उपकरणों की आवश्यकता होती है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय वयोश्री योजना से जुड़े अभिजीत कुमार सिंह, अविनाश कुमार सिन्हा, जाहिद अंसारी, संदीप तिर्की, सदर प्रयागो, महजुद्दीन अंसारी, समाजसेवी महबूल अंसारी, पैकस लकड़ा, चुमनु उरांव, तसलीम अंसारी, टांगरबसली के ग्राम प्रधान करमां एक्का, मांगा उरांव और बंधु टोप्पो समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

