पीड़िता को शीघ्र न्याय और दोषी को कठोर सजा दिलाने की मांग 

भुरकुंडा (रामगढ़): गम्हरिया थाना में महिला के साथ पुलिसकर्मी द्वारा कथित दुष्कर्म की घटना को लेकर भाजपा भुरकुंडा मंडल ने रविवार को सौंदा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व भुरकुंडा मंडल अध्यक्ष अजय पासवान ने किया। पुतला दहन करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य की बिगड़ती विधि-व्यवस्था पर जमकर नारेबाजी की। कहा गया कि लोग न्याय और सुरक्षा के लिए पुलिस के पास जाते हैं। रक्षक ही भक्षक बनने लगे तो आम नागरिकों का क्या होगा। इस घिनौने कृत्य की जितनी निंदा की जाए, वह कम है। 

मंडल अध्यक्ष अजय पासवान ने कहा कि सरकार मामले की निष्पक्ष जांच कराएं और स्पीडी ट्रायल चलाकर आरोपी पुलिसकर्मी को कठोर सजा दिलाए। पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाना सरकार की जिम्मेदारी है। कहा कि महिलाओं की अस्मिता पर हमला भाजपा बर्दाश्त नहीं करेंगी।  महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए आवाज और बुलंद की जाएगी। 

मौके पर निवर्तमान मंडल अध्यक्ष सतीश मोहन मिश्रा, महामंत्री ज्योति सिंह, फुलेन्द्र कुमार सिंह, सीताराम, गोपाल तिवारी, मिंटू कुमार सोनी, भूषण सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।