बोले- भारत को एक सूत्र में पिरोकर अखंड राष्ट्र बनाया

हजारीबाग: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को पटेल चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल सहित विभिन्न संगठनों के लोगों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। इस दौरान ‘सरदार पटेल अमर रहें’ के नारे लगे।

सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि सरदार पटेल ने अपने अद्भुत नेतृत्व और अडिग निष्ठा से बिखरी हुई रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड राष्ट्र के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनकी कार्यशक्ति, अनुशासन और दूरदर्शिता ने इतिहास में अमिट छाप छोड़ी है। उनका जीवन राष्ट्रसेवा और सामाजिक समरसता के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने संदेश दिया कि राजनीति का उद्देश्य सत्ता सुख नहीं, बल्कि जनसेवा है।

झारखंड स्वतंत्रता सेनानी विचार मंच के अध्यक्ष बटेश्वर प्रसाद मेहता ने कहा कि पटेल का एकसूत्र में पिरोने का काम आज भी अनुकरणीय है। देश की एकता, अखंडता और मजबूती में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। 

मौके पर शंकर राणा, अजीम अंसारी, संजय कुमार, चंद्रनाथ भाई पटेल, चंद्रमोहन पटेल, राकेश सिंह, जीवन मेहता, मुनेष ठाकुर, प्रो. प्रमोद सिंह, रंजन चौधरी, रोहित कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।