राहुल गांधी के साथ उतरे झारखंड के नेता

नई दिल्ली/रांची : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान नाम काटे जाने के विरोध में कांग्रेस ने दिल्ली में प्रदर्शन कर चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। राहुल गांधी के साथ पदयात्रा में शामिल झारखंड के कांग्रेस नेताओं ने ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी की मांग करते हुए आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया।

झारखंड भवन से निकले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का जुलूस कनॉट प्लेस और मिंटो रोड जंक्शन पहुंचा। यहां राहुल गांधी के काफिले के साथ जुड़कर सभी रामलीला मैदान तक पदयात्रा में शामिल हुए। प्रदर्शन की खास बात मतदाता सूची से कथित तौर पर हटाए गए नामों की करीब दो किलोमीटर लंबी प्रिंटेड सूची रही, जिसे लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता रामलीला मैदान पहुंचे। इस दौरान ‘ज्ञानेश तुम जहां मिलोगे, रांची लेकर जाएंगे’ और ‘दम है कितना दमन में तेरे, देख लिया है देखेंगे’ जैसे नारे लगाए गए।

प्रदर्शन में विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, विधायक सुरेश बैठा, कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ. राजेश गुप्ता, मोहम्मद तौसीफ, राजीव रंजन प्रसाद, सूर्यकांत शुक्ला, राकेश तिवारी, शकील अख्तर अंसारी, सोमनाथ मुंडा, राजनील तिग्गा, फिरोज रिजवी मुन्ना, विजय शंकर नायक और विशाल कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

आलोक कुमार दूबे ने कहा कि SIR के नाम पर मतदाताओं के नाम हटाए जाने का मामला लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा है। जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी नहीं होती और मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जाती, कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। वहीं डॉ. राजेश गुप्ता और लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भी मतदाता सूची की पारदर्शिता और चुनाव आयोग की जवाबदेही पर सवाल उठाते हुए भाजपा के खिलाफ संघर्ष जारी रखने की बात कही।