हत्यारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का दिलाया भरोसा 

मांडर (रांची): दूध कारोबारी रामू उरांव की हत्या के मामले में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का मुद्दा सामने आया है। मंगलवार को कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने सेवाडीह स्थित आवास पहुंचकर उन्होंने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी और भरोसा दिलाया कि हत्याकांड में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की बात कही।

विदित हो कि मांडर के सेवाडीह निवासी दूध कारोबारी रामू उरांव की 29 अक्टूबर को टिक्को टोली स्थित डेयरी फार्म में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे करीब दस साल पुराना जमीन विवाद सामने आया था।

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और निंदनीय है। पुलिस को सुनिश्चित करना चाहिए कि इस अपराध में शामिल कोई भी व्यक्ति कानून की पकड़ से बाहर न रहे। दोषियों को कड़ी सजा मिले और पीड़ित परिवार को न्याय मिले, इसके लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

इसके बाद मंत्री ब्रांबे पंचायत के कांग्रेस अध्यक्ष उमेश तिर्की के आवास पहुंचीं। पिछले दिनों दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल उमेश तिर्की का हालचाल जाना और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

मौके पर आबिद अंसारी, राजू रंजन, अबूजर अंसारी, बेलस टोप्पो, सेरोफिना मिंज और विजय तिर्की समेत अन्य लोग मौजूद थे।