रामगढ़: आगामी त्योहारों के मद्देनजर उपायुक्त ऋतुराज के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में औचक जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अदिति सिंह और डेरिक तिग्गा ने मंगलवार को नया मोड़, कुजू में विभिन्न होटलों और मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान होटल ठाकुर, होटल प्रकाश चंद्र, रामविलास होटल, जय श्री श्याम स्वीट्स और होटल गोविंद साव का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के क्रम में रसगुल्ला, गुलाब जामुन और कलाकंद के नमूने संग्रहित कर खाद्य सुरक्षा जांच प्रयोगशाला भेजे गए। वहीं, बिना खाद्य सुरक्षा लाइसेंस के प्रतिष्ठान संचालित करने और हानिकारक रंगों के प्रयोग से संबंधित अनियमितताएं पाए जाने पर दो दुकानों से एक-एक हजार रुपये का आर्थिक जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने बोंगबार स्थित शिव रुद्र इंटरप्राइजेज का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान सभी प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की जांच भी की गई।

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने सभी प्रतिष्ठान संचालकों को नियमित रूप से साफ-सफाई बनाए रखने, किसी भी परिस्थिति में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री का उपयोग नहीं करने तथा प्रतिबंधित खाद्य सामग्री एवं पेय पदार्थों का भंडारण एवं उपयोग नहीं करने का सख्त निर्देश दिया।