सरायकेला-खरसावां: चांडिल डैम को पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल की जा रही है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मंगलवार को परिवार के साथ डैम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह को पर्यटकों की सुविधाएं बढ़ाने और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पर्यावरण अनुकूल योजना तैयार करने का निर्देश दिया।

धातकीडीह जाने के क्रम में मुख्यमंत्री ने डैम की प्राकृतिक सुंदरता का अवलोकन किया। अधिकारियों के साथ चर्चा में उन्होंने नौकायन व्यवस्था को आधुनिक बनाने, पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया। साथ ही जल प्रबंधन, चांडिल परियोजना के कार्यों में तेजी और बिजली उत्पादन से जुड़े पहलुओं पर भी कार्ययोजना बनाने को कहा।
मुख्यमंत्री ने पर्यटन गतिविधियों को स्थानीय रोजगार से जोड़ने की जरूरत बताई। प्रस्तावित विकास में पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देने का निर्देश भी दिया, ताकि प्राकृतिक संपदा सुरक्षित रखते हुए क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिल सके।
इस दौरान विधायक कल्पना सोरेन, सविता महतो और सोमेश चंद्र सोरेन सहित कोल्हान के प्रमंडलीय आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम, उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, चांडिल एसडीएम नितिन शिवम गुप्ता तथा जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

