इज्तेमा में आने वाले जायरीनों की राह होगी आसान
चान्हो (रांची): लापुर में 13 से 15 नवंबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय इज्तेमा की तैयारियों के बीच मंगलवार को सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। कांके के पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं समाजसेवी हकीम अंसारी की पहल पर इज्तेमागाह के पूरब और पश्चिम दिशा में जाने वाली सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है।

निर्माण कार्य की स्थिति और गुणवत्ता देखने के लिए अमन ग्रुप की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने दोनों मार्गों का निरीक्षण कर इज्तेमा की तैयारियों का जायजा लिया।
हकीम अंसारी ने कहा कि दूर-दराज से आने वाले जायरीनों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसी उद्देश्य से सड़क निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने इस काम को ऊपर वाले की मेहरबानी बताते हुए कहा कि उन्हें इस नेक कार्य में योगदान देने का अवसर मिला है। सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में लोगों की सुविधा के लिए सभी को अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग करना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान फारूक अंसारी, अब्दुल हलीम अंसारी, इरशाद अंसारी और समाजसेवी जावेद अख्तर समेत कई गणमान्य लोग एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की प्रतिबद्धता जताई।

