रामगढ़: पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-फरोख्त में शामिल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से 5.88 ग्राम ब्राउन शुगर, स्कूटी, बाइक और मोबाइल जब्त किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार बीते कल शाम तकरीबन 5:10 बजे पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली कि एक स्कूटी पर सवार तीन व्यक्ति महुआटांड़ से बोरोबिन की ओर ब्राउन शुगर लेकर आ रहे हैं। सूचना पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

टीम ने बोरोबिन पुल के पास बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू की। रात करीब 7:45 बजे एक स्कूटी चेक नाका की ओर आती दिखी, जिसे पुलिस ने रोक लिया। स्कूटी पर तीन व्यक्ति सवार थे। जिनकी पहचान रांची जिला के अनगड़ा थाना क्षेत्र निवासी दिवाकर कुमार ठाकुर, कृष्णा नायक के रूप में हुई। 

पकड़े गए तीनों ने पूछताछ में बताया कि वे रजरप्पा थाना क्षेत्र निवासी दीपक रजक, आकाश सिंह उर्फ गोंदू और हेमंत राजभर से ब्राउन शुगर खरीदकर रांची व आसपास के इलाकों में बेचते हैं और खुद भी सेवन करते हैं। उन्होंने महुआटांड़ जाने वाले रास्ते में सुनसान जंगली स्थान पर माल खरीदा था। सूचना पर टीम ने छापेमारी कर तीनों सप्लायरों को भी धर दबोचा। इस संबंध में रजरप्पा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। 

छापेमारी दल में शामिल में थाना प्रभारी कृष्णा कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक संजय कुमार रजक, रंजीत कुमार महतो, रोहित राज सिंह, अमित कुमार (गोला थाना) सदलबल शामिल थे।