प्रशांत कुमार सिंह बने बार काउंसिल ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि
रांची: झारखंड स्टेट बार काउंसिल के चुनाव के नतीजे बुधवार को घोषित कर दिए गए। चुनाव में अभय कुमार चतुर्वेदी अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए, जबकि रिंकू भगत उपाध्यक्ष चुने गए। वहीं प्रशांत कुमार सिंह बार काउंसिल ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि निर्वाचित हुए हैं। तीनों पदों के लिए हुए मुकाबले में कुल 26 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

अध्यक्ष पद के लिए अभय कुमार चतुर्वेदी और निलेश कुमार के बीच सीधा मुकाबला था। मतगणना में अभय कुमार चतुर्वेदी को 15 मत मिले, जबकि निलेश कुमार को 10 मत प्राप्त हुए। इस पद पर एक मत अवैध घोषित किया गया। इस तरह अभय चतुर्वेदी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को पांच मतों से पीछे छोड़कर जीत हासिल की।

उपाध्यक्ष पद के लिए मुकाबला काफी दिलचस्प रहा। इस पद पर रिंकू भगत ने 10 मत हासिल कर बाजी मारी। उनके प्रतिद्वंद्वी मृत्युंजय कुमार श्रीवास्तव को 9 मत मिले, मधुलता रानी को 4 मत और अनिल कुमार महतो को 2 मत प्राप्त हुए। उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भी एक मत अवैध घोषित किया गया। रिंकू भगत ने मात्र एक मत के अंतर से यह चुनाव जीता।

वहीं बार काउंसिल ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि पद पर प्रशांत कुमार सिंह ने बड़ी जीत दर्ज की। उन्हें सबसे अधिक 18 मत मिले। उनके मुकाबले में मनोज कुमार द्वितीय को 7 मत और संजय कुमार विद्रोही को एक मत प्राप्त हुआ।
चुनाव अधिकारियों के अनुसार पूरी मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही। मतदान संपन्न होने के बाद मतगणना कराई गई और उसके बाद तीनों पदों के परिणाम घोषित किए गए।

