पतरातू (रामगढ़): पतरातू थाना क्षेत्र अंतर्गत मेन रोड पर पीवीयूएनएल गेट के निकट शुक्रवार को हाइवा की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान हनुमानगढ़ी पंचायत निवासी अनीस राम पिता शक्ति राम के रूप में हुई। दुघटना से आक्रोशित लोगों ने मेन रोड जाम कर आवागमन बाधित कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर शाम तकरीबन आठ बजे अनीस राम अपनी बाइक (JH24 K 9636) पर पीटीपीएस से पतरातू की ओर आ रहा था। वहीं विपरीत दिशा से ऐश लदा हाइवा (JH 02 CA 8711) रांची की ओर जा रहा था। इस क्रम में हाइवा ने बाइक सवार को चपेट में लेते हुए बुरी तरह से रौंद दिया। जिससे घटनास्थल पर उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस दौरान आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।

वहीं घटना की सूचना पर मृतक के परिजन, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए और सड़क जाम करते हुए आवागमन ठप करा दिया। हो-हंगामे के बीच लोग मेन रोड पर रात 10 बजे से पहले भारी वाहनों का आवागमन बंद करने की मांग पर अड़ गए। खबर लिखे जाने तक शव नहीं उठाया जा सका और सड़क जाम की स्थिति बनी रही।



