रामगढ़ : पुलिस ने अंतरजिला बाइक चोर गिरोह पर्दाफाश करते हुए गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से रामगढ़, रांची, बोकारो और हजारीबाग से चुराई गई कुल 20 बाइक और 6 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि चोरी की घटनाओं के मद्देनजर विशेष टीम का गठन किया गया था। इधर, गुप्त सूचना मिली निगरानी कैमरे में देखें गए बाइक चोर रामगढ़ शहर में चोरी करने की फिराक में है।

सूचना पर पुलिस टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में गाड़ियों की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट वाली नीली हीरो एचएफ डीलक्स पर आ रहे दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया तो वे भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।
पकड़े गए युवकों की पहचान बोकारो निवासी सोनू राम (26 वर्ष) और रांची निवासी आयन कुमार (19 वर्ष) के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उक्त बाइक उन्होंने 09 अक्टूबर को रामगढ़ में निर्मल एजेंसी के बाहर से चुराई थी। दोनों ने माना कि वे आदतन बाइक चोर हैं और रांची, रामगढ़, बोकारो व हजारीबाग में चोरी करते हैं।

पूछताछ के आधार पर पुलिस ने गिरोह के बाकी लोगों को भी पकड़ा। इनमें कबाड़ी राकेश कुमार और मंजूर खान, मिस्त्री दिनेश बेदिया, मो. इजाजुल अंसारी और शमीम अंसारी शामिल हैं।

पुलिस को पूछताछ पता चला कि चोरी की बाइक इन्हीं लोगों को बेची जाती थी। ये लोग बाइक का रंग-रोगन करते और इंजन-चेसिस नंबर घिसकर कम दाम में बेचते थे। जो बाइक नहीं बिक पाती थी, उसके पुर्जे खोलकर बेच दिए जाते थे। पकड़े गए सभी सात आरोपियों के बयान पर अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 20 बाइक बरामद की गईं। वहीं गिरोह के अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी चल रही है
अस्वीकरण: विज्ञापन संबंधित किसी दावे की पुष्टि खबरसेल नहीं करता है।

