हजारीबाग: शहर के तकिया मजार के पास कल्याण विभाग द्वारा संचालित अनुसूचित जनजाति छात्रावास परिसर में दो मंजिला 300 बेड का नया छात्रावास बनेगा। धनतेरस के मौके पर करीब साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस योजना का शिलान्यास किया गया। डीएमएफटी की राशि से जिला परिषद के माध्यम से निर्माण कराया जाएगा। 15 महीने में काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
शिलान्यास समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, विशिष्ट अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष उमेश प्रसाद मेहता, नगर निगम के मेयर अरविंद राणा और स्थानीय वार्ड पार्षद अनिल प्रसाद ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर और शिलापट्ट का अनावरण कर आधारशिला रखी। इस मौके पर छात्रावास के विद्यार्थियों ने अतिथियों का गाजे-बाजे के साथ स्वागत किया। उन्हें फूल-माला पहनाकर और अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
मौके पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि इस छात्रावास में झारखंड के अलग-अलग जिलों से विद्यार्थी उच्च शिक्षा के लिए आकर रहते हैं। ऐसे में उन्हें बेहतर, सुरक्षित और अच्छी आवासीय सुविधा देना जरूरी है। इसी को ध्यान में रखकर डीएमएफटी की राशि से दो मंजिला आधुनिक और सुसज्जित 300 बेड का छात्रावास बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नए छात्रावास के निर्माण के दौरान यहां रह रहे विद्यार्थियों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए उनके रहने की वैकल्पिक व्यवस्था करने की दिशा में पहल की जाएगी।
जिला परिषद अध्यक्ष उमेश प्रसाद मेहता ने कहा कि छात्रावास निर्माण में गुणवत्ता और क्षमता दोनों का खास ध्यान रखा जाए, ताकि विद्यार्थियों को लंबे समय तक बेहतर सुविधा मिल सके। उन्होंने इस योजना को धरातल पर उतारने की पहल के लिए सांसद मनीष जायसवाल का आभार जताया। वहीं मेयर अरविंद राणा ने शिलान्यास पर विद्यार्थियों को बधाई देते हुए इसे उनके बेहतर भविष्य की दिशा में अहम कदम बताया।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद प्रतिनिधि प्रकाश गुप्ता, डॉ. जयप्रकाश आनंद, सांसद प्रतिनिधि अजय साहू, किशोरी राणा, मनमीत अकेला, चंदन मेहता, गोविंद मेहता, संवेदक अनिकेत कुमार मेहता, महेंद्र राम, जय प्रकाश किस्कु, सुशील ओढ़ैया, अजय कुमार, सुशील कुमार और छोटू मेहता सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

