रांची: मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की 3,94,007 महिलाओं के खाते में अक्टूबर महीने की राशि भेज दी गई है। हर लाभुक को 2,500 रुपये के हिसाब से कुल 98 करोड़ 50 लाख 17 हजार 500 रुपये दिए गए हैं।भुगतान आधार से जुड़े डीबीटी के जरिए सीधे खाते में किया गया है।

अवसर पर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि यह योजना महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और आर्थिक मजबूती से जुड़ी अहम पहल है। त्योहार से पहले राशि भेजना सरकार की प्रतिबद्धता को दिखाता है। प्रशासन का प्रयास है कि लाभ सभी पात्र महिलाओं तक साफ-सुथरे और समय पर तरीके से पहुंचे।

बताया जाता है कि जिले में सबसे ज्यादा लाभ कांके प्रखंड में 31,502 महिलाओं को मिला। इसके बाद टाउन शहरी क्षेत्र में 25,891, मांडर में 22,933 और सिल्ली में 21,282 महिलाओं को राशि मिली। अन्य क्षेत्रों में बेड़ो 20,562, रातू 20,290, चान्हो 19,332, तमाड़ 18,751, नगड़ी 18,250, नामकुम 17,958, ओरमांझी 17,840, बुढ़मू 17,765, अनगड़ा 16,705, हेहल शहरी क्षेत्र 16,308, अरगोड़ा शहरी क्षेत्र 13,347, सोनाहातू 13,088, लापुंग 11,784, इटकी 10,135, बड़गाईं शहरी क्षेत्र 10,042, खलारी 9,597, राहे 9,531, नामकुम शहरी क्षेत्र 9,504, बुंडू प्रखंड 8,556, नगड़ी शहरी क्षेत्र 8,216, बुंडू नगर पंचायत 3,558 और कांके शहरी क्षेत्र में 1,280 महिलाओं को लाभ मिला।