मांडर (रांची): राजीव गांधी सद्भावना फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 की शुरुआत शुक्रवार को मांडर के शहीद शेख भिखारी स्टेडियम, हेसरमी में हुई। उद्घाटन मुकाबले में मांडर पंचायत की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए विशाहा खटंगा पंचायत को 3-0 से पराजित किया। प्रतियोगिता में मांडर प्रखंड की सभी पंचायतों से कुल 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 10 नवंबर को खेला जाएगा।

युवा कांग्रेस मांडर प्रखंड की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता के पहले मैच को देखने के लिए बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी स्टेडियम पहुंचे। मांडर पंचायत की टीम ने तीन गोल दागकर मुकाबले पर अपना कब्जा जमाया। वहीं, विशाहा खटंगा की टीम कोई गोल नहीं कर सकी।

टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में रांची जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक अध्यक्ष शमीम अख्तर, मांडर प्रखंड अध्यक्ष मांगा उरांव, मांडर प्रमुख फिलिप सहाय एक्का और उप प्रमुख अमानत अंसारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के रांची जिला अध्यक्ष अमित खलखो, महिला प्रखंड अध्यक्ष सेरोफिना मिंज, विधानसभा युवा अध्यक्ष हुसैन अंसारी, विधायक प्रतिनिधि आबिद अंसारी, मंडल अध्यक्ष तबारक खान और होचे उरांव, विधायक प्रतिनिधि जमिल मलिक, मांडर पंचायत अध्यक्ष एहसान अंसारी, रामबिलास उरांव, पंचायत अध्यक्ष छोटन उरांव और जाहिद अंसारी, मैरी लकड़ा, शक्ति बड़ा तथा बेलस टोप्पो सहित कांग्रेस के प्रखंड एवं जिला पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद थे। आयोजन के दौरान मेडिकल टीम और मुंडा रेफरी भी अपनी जिम्मेदारियां निभाते नजर आए।

युवा कांग्रेस मांडर के प्रखंड अध्यक्ष आजाद अंसारी और खेल प्रभारी विनोद खलखो ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्देश्य युवाओं को खेल के माध्यम से नशे और सामाजिक बुराइयों से दूर रखना है। इसके साथ ही उन्हें शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करना भी प्रतियोगिता का मकसद है। आयोजकों के अनुसार, 10 नवंबर को होने वाले फाइनल मुकाबले के साथ टूर्नामेंट का समापन होगा।