रामगढ़: समाहरणालय परिसर में शनिवार को टीबी मरीजों के बीच पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त ऋतुराज ने की।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता एवं जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. स्वराज ने संयुक्त रूप से कुल 22 टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की।

इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी मरीजों से बातचीत कर उनका हाल-चाल जाना और उनके स्वास्थ्य व उपचार की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों को समय पर दवा लेने, उपचार का पूरा कोर्स करने तथा पौष्टिक व संतुलित आहार लेने की सलाह दी।
उपायुक्त ने कहा कि टीबी उपचार योग्य बीमारी है। नियमित दवा, उचित पोषण और समय पर चिकित्सकीय परामर्श से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। उपचार के दौरान किसी भी परेशानी पर स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करने को कहा।


