मुख्य छठ घाटों की होगी बैरिकेडिंग और गोताखोरों की तैनाती
रामगढ़: आगामी दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। शनिवार को उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों, अंचल अधिकारियों और सभी थाना प्रभारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई।

बैठक में उपायुक्त ने नगर परिषद के 38 वार्डों में की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी प्रमुख छठ घाटों, विशेषकर छावनी क्षेत्र के बड़े घाटों तक पहुंच पथ को युद्धस्तर पर दुरुस्त करने और वाहनों के लिए सुव्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। घाटों पर महिलाओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम बनाने और शांति समितियों के साथ लगातार समन्वय बैठक करने को कहा गया।

चिकित्सा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सिविल सर्जन को भीड़भाड़ वाले संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख घाटों पर मेडिकल टीम और एंबुलेंस तैनात करने का निर्देश दिया गया। कानून-व्यवस्था की मॉनिटरिंग के लिए अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में कंट्रोल रूम संचालित होगा।

वहीं, पुलिस अधीक्षक ने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग कराने और गहरे व जोखिम भरे स्थानों को रेड मार्क से चिह्नित करने का निर्देश दिया। बड़े घाटों पर गोताखोरों की तैनाती की जाएगी। थाना प्रभारियों को यातायात सुगम बनाने और गश्त तेज करने को कहा गया। दीपावली पर पटाखों के अवैध और अत्यधिक भंडारण पर पूर्ण रोक लगाने का भी निर्देश दिया गया।बैठक में वरीय पदाधिकारी, विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि और समिति के सदस्य उपस्थित थे।


