बेंत से पिटाई के बाद रस्सी से गला घोंटकर की थी हत्या
रांची: धुर्वा थाना क्षेत्र के सिठियो में बीते 06 नवंबर को हुए बिट्टू सिंह हत्याकांड का पुलिस ने उद्भेदन कर दिया है। मृतक बिट्टू सिंह (31 वर्ष) पिता ओमप्रकाश सिंह निवासी सेक्टर-9 की हत्या के आरोप में संजय कुमार सिंह और बॉबी कुमार को गिरफ्तार किया गया है। दोनों ने बेंत से पिटाई के बाद गला घोंटकर बिट्टू की हत्या की थी।
सिटी एसपी पारस राणा ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि घटना के दिन बिट्टू सिंह, संजय और बॉबी ने एक साथ शराब पी थी। नशे में उनके बीच लड़ाई-झगड़ा हुआ। जिसमें संजय और बॉबी ने बेंत से उसकी पिटाई की और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके साथ ही अभियुक्तों ने शव को ले जाकर झाड़ियों में फेंक दिया और अपनी कार पर भाग निकले।
दूसरे दिन 6 नवंबर को अज्ञात शव मिलने की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव की शिनाख्त कराई गई। अनुसंधान के क्रम में संजय कुमार सिंह और बॉबी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। अपने स्वीकारोक्ति बयान में उन्होंने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने लकड़ी का बेंत, दो मोबाइल और घटना में प्रयुक्त कार को जब्त किया। पुलिस ने अग्रेत्तर कार्रवाई करते हुए अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। संजय कुमार सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है।

