रांची: जनजातीय समाज की नेत्री निशा भगत की मौत को लेकर भाजपा ने आंदोलन की रणनीति तैयार की है। सीबीआई जांच की मांग को लेकर आंदोलन को व्यापक रूप देने की तैयारी की जा रही है। इसे लेकर भाजपा पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने आगामी 18 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल बंद रखने का आह्वान किया है। संगठन का मुख्य जोर मामले की जांच सीबीआई से कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कराने पर है।

बंद के समर्थन में संगठन ने विरोध कार्यक्रमों की श्रृंखला तय की है। इसकी शुरुआत 10 नवंबर को मशाल जुलूस से होगी। रांची महानगर, रांची पूर्वी, रांची पश्चिमी के अलावा लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और खूंटी में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे। 11 नवंबर को आदिवासी महिलाओं की ओर से कैंडल मार्च निकाला जाएगा। वहीं बंद की पूर्व संध्या पर 17 नवंबर को सभी संगठनात्मक मंडलों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा।

भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो ने कहा कि निशा भगत का मामला आदिवासी समाज के सम्मान और अस्मिता से जुड़ा है। उन्होंने जांच और कार्रवाई को लेकर सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की। उनका कहना है कि सीबीआई जांच की अनुशंसा और दोषियों पर कठोर कार्रवाई होने तक संगठन पीछे नहीं हटेगा।
पूर्व विधायक रामकुमार पाहन ने भी मामले की निष्पक्ष जांच पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आदिवासी बेटियों की सुरक्षा और सम्मान की जिम्मेदारी सरकार की है। वहीं, भाजपा प्रवक्ता आरती कुजूर ने महिलाओं, युवाओं और सामाजिक संगठनों से आंदोलन में भाग लेने की अपील की।
बताया जाता है कि सात नवंबर को राज्य के 595 संगठनात्मक मंडलों में पहले ही प्रदर्शन और पुतला दहन किया जा चुका है। अब 18 नवंबर के बंद को शांतिपूर्ण ढंग से सफल बनाने की अपील की गई है। प्रेस वार्ता में अशोक बड़ाईक, पिंकी खोया, रवि मुंडा, रेणु तिर्की और मुकेश भगत भी मौजूद थे।

