भक्ति और संस्कृति का दिखा अनूठा संगम

रामगढ़: बरकाकाना क्षेत्र के बंजारी नगर स्थित यादव धर्मशाला में सोमवार को गोवर्धन पूजा श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई। अखिल भारतीय गोप-यादव महासभा के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में सर्वप्रथम पुजारी दिवाकर पांडेय ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। यजमान के रूप में सत्यनारायण पांडेय पूजा में शामिल हुए। इसके उपरांत ओरमांझी से पहुंचे लोक कलाकारों ने छऊ नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। कलाकारों ने पौराणिक प्रसंगों पर आधारित नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान पूरे परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

अवसर पर समारोह का आयोजन कर अतिथियों और समाज के गणमान्य लोगों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महासभा के अध्यक्ष हीरा गोप और संचालन धनराज यादव ने किया। अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि राजद के वरिष्ठ नेता सुभाष प्रसाद यादव  वरिष्ठ अधिवक्ता बंशीधर गोप, समाजसेवी नेपाल यादव सहित अन्य शामिल हुए। अतिथियों का स्वागत पुष्प गुच्छ और शॉल भेंट कर  किया गया।

अवसर पर वक्ताओं ने गोवर्धन पूजा के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों को इंद्र के प्रकोप से बचाया था। यह पर्व प्रकृति, पर्यावरण, पशुधन और मानव जीवन के बीच गहरे संबंध का संदेश देता है। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं आज भी समाज को धर्म, प्रेम, एकता और सद्भाव की प्रेरणा देती हैं। अवसर पर स्थानीय वॉलीबॉल खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों पर सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल और वाहनों के साथ शामिल हुए। गाजे-बाजे के निकली झांकी रामगढ़ शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी और पुनः यादव धर्मशाला पहुंचकर संपन्न हुई। 

मौके पर महासभा के सचिव अवधेश कुमार यादव, कुंदन गोप, संरक्षक रमेश प्रसाद यादव, ब्रह्मदेव प्रसाद, नेमन यादव, पवन यादव, अर्जुन यादव, अशोक यादव, मनोज गोप, चंदन गोप, दीपक राय, गुली यादव, संजू यादव, तरुण कुमार यादव, महिला जिला अध्यक्ष लीलावती देवी, राजेंद्र यादव, अखिलेश यादव, सुनील गोप, आकाश यादव, राजेश गोप, महेश गोप, इंदु गोप, जयंत यादव, दीपक गोप, जितेंद्र यादव, गुल्ली यादव, विकास यादव एवं श्रवण गोप सहित बड़ी संख्या में महासभा के पदाधिकारी, सदस्य और समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।