रांची: निशा भगत प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की रांची महानगर इकाई ने अल्बर्ट एक्का चौक पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। इस दौरान राज्य सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।

प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं का कहना था कि निशा भगत आदिवासी समाज की अस्मिता, संस्कृति, सभ्यता और धर्मांतरण जैसे विषयों पर मुखर होकर अपनी बात रखती थीं। उनका आरोप था कि इन मुद्दों पर आवाज उठाने के कारण उन्हें कथित तौर पर मानसिक प्रताड़ना और सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणियों का सामना करना पड़ा। कार्यकर्ताओं ने इसे गंभीर बताते हुए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जरूरत जताई।

एबीवीपी नेताओं ने कहा कि किसी व्यक्ति को सार्वजनिक मंचों और सोशल मीडिया के माध्यम से अपमानित करना स्वीकार्य नहीं है। निशा भगत से जुड़ा पूरा घटनाक्रम सामने आना चाहिए, ताकि किसी भी पक्ष के प्रति अन्याय न हो और दोषियों को कानून के दायरे में लाया जा सके।

गौरतलब है कि निशा भगत की मौत 6 नवंबर 2026 को हुई थी। उनकी मौत से पहले सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया। 10 नवंबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा की थी।

पुतला दहन कार्यक्रम में अंकित राज, हर्षित पांडेय, तेजस्वी यादव, श्रीमय कुमार, ओम कुमार, अंशुल कुमार, विशाल कुमार, नारायण तिवारी, प्रियरंजन दुबे, अंशु कुमार, आकाश कुमार, प्रशांत सिंह और विपुल साहू समेत परिषद के कई कार्यकर्ता मौजूद थे।