रांची/लोहरदगा: कुडू प्रखंड के लापुर में तीन दिनों से जारी तब्लीगी इज्तेमा अब अपने आखिरी पड़ाव पर है। रविवार, 15 नवंबर को सुबह 10 बजे सामूहिक दुआ के साथ इस बड़े धार्मिक आयोजन का समापन होगा। दुआ में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में अकीदतमंदों के इज्तेमा स्थल पहुंचने की उम्मीद है।

13 नवंबर को शुरू हुए इस आयोजन में पहले दिन से ही लोगों की भारी भागीदारी देखने को मिली। जुमे की नमाज में उमड़ी भीड़ ने इज्तेमा के व्यापक स्वरूप को सामने रखा। झारखंड के अलग-अलग जिलों से पहुंचे लोगों की मौजूदगी से पूरा इलाका गुलजार रहा।

इज्तेमा के दौरान इबादत और दीनी तकरीरों के साथ सामाजिक सहयोग की भी मिसाल देखने को मिली। 14 नवंबर को नमाज-ए-असर के बाद सामूहिक निकाह कराया गया, जिसमें कई जोड़ों ने निकाह के जरिए नई जिंदगी की शुरुआत की।

दूसरी ओर, हजारों लोगों की आवाजाही के बीच व्यवस्था संभालने में स्वयंसेवकों की अहम भूमिका रही। भोजन, पेयजल, वजू, स्नान, ठहरने और यातायात की जिम्मेदारियां अलग-अलग टीमों ने संभालीं। लोगों के लिए 30 रुपये के टोकन पर भोजन उपलब्ध कराया गया।

अब सभी की निगाहें रविवार सुबह होने वाली सामूहिक दुआ पर टिकी हैं। तीन दिनों की इबादत, आपसी मेल-मिलाप और भाईचारे के बाद दुआ के साथ लापुर इज्तेमा का समापन होगा।

