रामगढ़: छठ महापर्व के शांतिपूर्ण और सुरक्षित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने शनिवार को विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जोड़ा तालाब बरकाकाना, सेवटा तालाब, गांधी घाट रामगढ़, कैथा तालाब सहित अन्य प्रमुख छठ घाटों का भ्रमण किया।

इस दौरान उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पहुंच पथ, बैरिकेडिंग, पार्किंग, चेंजिंग रूम, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई तैयारियों का अवलोकन किया गया। उपायुक्त ने छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर की गई तैयारियों की समीक्षा की। घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और आवागमन के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।

इसके साथ ही नदी एवं तालाबों में जल की गहराई के अनुरूप की गई बैरिकेडिंग, खतरनाक स्थानों का चिह्नीकरण, गोताखोरों की उपलब्धता तथा महिलाओं के लिए बनाए गए चेंजिंग रूम का भी जायजा लिया गया। वहीं, छठ घाटों पर विधि-व्यवस्था एवं भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस बल एवं स्वयंसेवकों की तैनाती, यातायात नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, हेल्प डेस्क एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम की उपलब्धता का भी निरीक्षण किया गया।

अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था का महान पर्व है। जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु आयोजन को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने जिलेवासियों से आपसी सहयोग एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में छठ महापर्व मनाने की अपील की।

जिला प्रशासन द्वारा छठ महापर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर सतत निगरानी रखी जा रही है, ताकि सभी छठ व्रती एवं श्रद्धालु सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में महापर्व संपन्न कर सकें। निरीक्षण के दौरान प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद अजमल हुसैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।