रामगढ़: छठ महापर्व के मद्देनजर बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने शनिवार को बरकाकाना के रेलवे जोड़ा तालाब छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाट पर साफ-सफाई, प्रकाश की व्यवस्था और तालाब में बैरिकेडिंग का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने घाट का अवलोकन करते हुए पूजा समिति के सदस्यों से तैयारियों की जानकारी ली। वहीं उन्होंने बरकाकाना ओपी प्रभारी रोशन बाड़ा से घाट पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भी जानकारी ली। ओपी प्रभारी ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर घाट पर गोताखोरों की तैनाती पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की व्यवस्था रहेगी।
अवसर पर रोशन लाल चौधरी ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था और श्रद्धा और परंपरा का प्रतीक है। छठ व्रतियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए सभी जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। घाट और पहुंच मार्गों पर साफ-सफाई और प्रकाश की समूचित व्यवस्था हो। महापर्व सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो, इसके लिए सभी सहयोग करें। मौके पर पूजा समिति के सदस्य, स्थानीय लोग और बरकाकाना ओपी के पुलिस कर्मी मौजूद रहे।


