भुरकुंडा (रामगढ़): भदानीनगर ओपी क्षेत्र के महुआटोला से चोरी हुई बाइक को पुलिस ने रामगढ़ से बरामद कर लिया है। इस मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार कर हिरासत में भेजा गया है। पुलिस के अनुसार बीते 12 नवंबर की रात करीब 8 बजे महुवाटोला से एक स्प्लेंडर प्लस बाइक (JH01EZ 8772) की चोरी कर ली गई थी।

इस संबंध में पीड़ित की शिकायत पर पतरातू (भदानीनगर) थाना में दिनांक 14.11.26 को कांड संख्या 298/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया। अनुसंधान के क्रम में पुलिस को कांड के अप्राथमिकी अभियुक्त समीर अंसारी, पिता वसीम अंसारी निवासी महुआटोला, थाना पतरातू (भदानीनगर) के बारे में जानकारी मिली।

पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई मोटरसाइकिल को रामगढ़ से बरामद कर लिया। बाइक बरामदगी के बाद गिरफ्तार अभियुक्त समीर अंसारी को हिरासत में भेज दिया गया है।