जल, जंगल और जमीन की रक्षा का लिया संकल्प 

बरकाकाना (रामगढ़): महान स्वतंत्रता सेनानी वीर बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती रविवार को हेहल के अंबवाटाड़ स्थित बिरसा नगर में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन बिरसा मुंडा समाज सुधार बरकाकाना एरिया के तत्वावधान में किया गया। सर्वप्रथम स्मारक स्थल पर फागु पाहन ने धरती आबा की मूर्ति की धूप-धूमन के साथ पूजा-अर्चना की। इसके उपरांत झंडागड़ी कार्यक्रम संपन्न हुआ।

अवसर पर संरक्षक नागेश्वर मुंडा, आदिवासी संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक देवकी नंदन बेदिया, भाकपा-माले के देवानंद गोप, पूर्व जिला पार्षद सुरपति देवी, झारखंड जन संस्कृति मंच के राज्य सचिव सुरेन्द्र कुमार बेदिया ने बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण और श्रद्धा सुमन अर्पित किया। कार्यक्रम के अंत में झारखंड की जल-जंगल-जमीन, खान-खनिज की रक्षा और शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार की गारंटी के लिए संघर्ष करने का संकल्प लिया गया।

वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बिरसा मुंडा ने देश की आजादी और झारखंड में महाजन-सूदखोरों के खिलाफ लड़ाई लड़ते हुए युवा अवस्था में शहादत दी थी। आज झारखंड राज्य के स्थापना दिवस पर उनके विचारों को आत्मसात करने और पूंजीवादी ताकतों के खिलाफ संघर्ष तेज करने की जरूरत है। 

मौके पर भरत बेदिया, शिवनारायण बेदिया, उमेश गोप, मदन प्रजापति, हीरोलाल मुंडा, सीता मुंडा, शोभा देवी, यशोदा देवी, आशा मुंडा, अमर मुंडा, सनोज मुंडा, नारायण मुंडा, नंदकिशोर बेदिया, जग्गू मुंडा सहित अन्य लोगों ने बिरसा मुंडा की मूर्ति पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की।