रांची प्रेस क्लब में बैठक कर जताया रोष 

रांची: राजधानी रांची के प्रेस क्लब में सोमवार कोपत्रकारों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत मित्र के पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ दर्ज मामले और उनके कार्यालय व आवास पर पुलिस की कथित कार्रवाई को लेकर गंभीर चिंता जताई गई। विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों और वरिष्ठ पत्रकारों ने एकजुट होकर इस मामले में सामूहिक विरोध दर्ज कराने तथा आगे की रणनीति तैयार करने पर सहमति जताई।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि किसी भी खबर के प्रकाशन या प्रसारण में मानवीय भूल की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। यदि किसी खबर में किसी पक्ष का बयान नहीं लिया गया है तो उसे पत्रकारिता की त्रुटि माना जा सकता है, लेकिन इसका समाधान निष्पक्ष जांच और कानूनी प्रक्रिया के तहत होना चाहिए। किसी पत्रकार को खबर दिखाने के कारण परेशान करना या उसके संस्थान पर दबाव बनाना उचित नहीं है।

भारत मित्र से जुड़ी एक महिला पत्रकार ने कहा कि अभिषेक भारती ने एक ऐसी युवती की बात समाज के सामने रखने की कोशिश की, जिसकी आवाज नहीं सुनी जा रही थी। युवती के बयान और बाद में सामने आए घटनाक्रम को लेकर उन्होंने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि खबर में कोई गलती हुई थी तो संबंधित पक्ष का बयान लेकर तथ्य स्पष्ट किए जा सकते थे। लेकिन पत्रकारों को डराने और उनके काम में बाधा डालने जैसी कार्रवाई से स्वतंत्र पत्रकारिता प्रभावित होती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भारत मित्र के फेसबुक पेज को भी ब्लॉक किया गया। इसके अलावा अभिषेक भारती के कार्यालय में पुलिस की टीम के पहुंचने, कथित तौर पर बिना वर्दी के लोगों के मौजूद रहने और देर शाम दोबारा पुलिस कार्रवाई किए जाने पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि पुलिस की कार्रवाई पारदर्शी और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के अनुरूप होनी चाहिए।

उन्होंने पत्रकार समुदाय से अपील की कि आज यदि अभिषेक भारती के मामले में पत्रकार एकजुट नहीं हुए तो भविष्य में किसी अन्य पत्रकार के साथ ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर उसके समर्थन में खड़ा होना मुश्किल होगा।

वहीं अभिषेक भारती के पिता ने भी बैठक में अपनी बात रखते हुए कहा कि वह लंबे समय से पत्रकारिता से जुड़े रहे हैं और मौजूदा घटनाक्रम से चिंतित हैं। उन्होंने दावा किया कि पुलिस उनके आवास पर कई बार पहुंची और परिवार के सदस्यों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने कार्यालय और घर पर हुई कार्रवाई के तरीके पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की। उन्होंने पत्रकारों से आग्रह किया कि पूरे घटनाक्रम को सरकार और संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाए, ताकि निष्पक्ष जांच हो सके।

बैठक में सर्वसम्मति से एक विस्तृत ज्ञापन तैयार करने का प्रस्ताव रखा गया। इसमें अभिषेक भारती प्रकरण, पुलिस की कथित कार्रवाई, पत्रकारों के काम में आ रही बाधाओं और प्रेस की स्वतंत्रता से जुड़े मुद्दों को शामिल किया जाएगा। ज्ञापन पर पत्रकारों के हस्ताक्षर कराकर मुख्यमंत्री, राज्यपाल और पुलिस महानिदेशक सहित संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने की बात कही गई। जरूरत पड़ने पर झारखंड हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने के विकल्प पर भी चर्चा हुई।