हजारीबाग: लोक आस्था का महापर्व छठ के उषा अर्घ्य के साथ सोमवार को सम्पन्न हुआ। अवसर पर सांसद मनीष जायसवाल विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचे और व्रतियों से आशीर्वाद लिया।  बाइक से विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए वे हुड़हुड़ू स्थित जोड़ा तालाब छठ घाट और लंबा तालाब छठ घाट पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान भास्कर को उषा अर्घ्य अर्पित किया और छठ महाव्रतियों से आशीर्वाद प्राप्त किया।

घाटों पर पहुंचने पर छठ महाव्रतियों, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने सांसद का आत्मीय अभिनंदन किया। हुड़हुड़ू जोड़ा तालाब छठ घाट पर नगर निगम के डिप्टी मेयर अविनाश कुमार यादव और समाजसेवी सह वार्ड पार्षद प्रतिनिधि नीरज कुमार ने उन्हें चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया। वहीं लंबा तालाब छठ घाट पर सांसद प्रतिनिधि सह भाजपा नेत्री रेणुका साहू एवं समाजसेवी दिलीप साहू ने तिलक लगाकर उनका स्वागत किया।

इसके अलावा भाजपा नेत्री सीमा पासवान एवं अनूप अग्रवाल ने अपने आवास पर परिवार के सदस्यों के साथ सांसद का आत्मीय स्वागत किया। यहां उन्होंने घर पर ही भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसके पश्चात सांसद पत्रकार प्रमोद खंडेलवाल एवं रितेश खंडेलवाल के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने छठ का पारंपरिक प्रसाद ग्रहण किया।

छठ महापर्व के दौरान सांसद की साफगोई, सादगी, सक्रियता और सर्वसुलभ कार्यशैली की श्रद्धालुओं ने खूब सराहना की। लोगों का कहना था कि जनप्रतिनिधि की वास्तविक पहचान जनता के बीच उनकी सहज उपस्थिति और संवेदनशील व्यवहार से होती है। काफिले और औपचारिकताओं से दूर बाइक से घाटों तक पहुंचकर सांसद मनीष जायसवाल ने न केवल छठ समितियों का उत्साह बढ़ाया, बल्कि श्रद्धालुओं के प्रति अपनी संवेदनशीलता और साधारण जीवनशैली का भी परिचय दिया। इस दौरान सांसद के साथ उनके लोकसभा क्षेत्र के सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी भी मौजूद रहे।