रांची: सुखदेव नगर थाना अंतर्गत इंद्रपुरी में बीते बुधवार को हुए मिथलेश महतो हत्याकांड में पुलिस ने छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों ने मिथलेश के भाई मनोज महतो द्वारा 18 लाख रुपये के कर्ज नहीं चुकाने पर वारदात को अंजाम दिया था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 11 मोबाइल फोन, एक बिना नंबर की काली फॉर्च्यूनर कार, एक सफेद आई ट्वेंटी कार, एक काली स्कूटी और घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार कर्ज को लेकर दोनों तरफ में लंबे समय से तनाव चल रहा था। इस क्रम में बुधवार की रात एक पक्ष के लोग मनोज महतो को खोजते घर पहुंचे।घर का दरवाजा बंद मिला तो उन्होंने बाहर से ही गोलीबारी शुरू कर दी गोलीबारी में मनोज के छोटा भाई मिथलेश के सिर में गोली लग गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया। जिसमें धुर्वा निवासी अभिषेक उर्फ लल्लू और विवेक उर्फ छोटू, हरमू निवासी आयुष कुमार सिंह और नितिन गुप्ता, सुखदेवनगर निवासी राहुल कुमार और हरमू के रहने वाले रोहित सिंह उर्फ देवा शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि पकड़े गए कुछ अभियुक्तों का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। आयुष पर पहले से लालपुर और कोतवाली थाने में मामले दर्ज हैं, जबकि नितिन पर सुखदेवनगर थाने में नशे से जुड़ा मामला दर्ज है। बाकी लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी चल रही है।