आगामी 30 नवंबर तक सभी आपत्तियों की सुनवाई सुनिश्चित करने के निर्देश 

रांची: मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत रांची जिले में 95.17 फीसदी मतदाताओं का नाम अंतिम प्रकाशन के लिए सुरक्षित कर लिया गया है। जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में ड्राफ्ट सूची में शामिल कुल 19 लाख 79 हजार 987 मतदाताओं में से 18 लाख 84 हजार 249 मतदाताओं का नाम अंतिम प्रकाशन के लिए सुरक्षित कर लिया गया है। रांची उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने गुरुवार को बैठक कर एसआईआर की के तहत हुए कार्यों की समीक्षा की। बैठक में सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

बैठक में सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि 30 नवंबर 2026 तक दावा और आपत्ति से जुड़े सभी मामलों की सुनवाई हर हाल में पूरी कर ली जाए। कहा गया कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और मतदाता सूची की शुद्धता सबसे जरूरी है। इसके लिए सभी अधिकारी तय समय के भीतर अपना काम गंभीरता से पूरा करें।

जिन मतदान केंद्रों पर नए नाम जोड़ने के लिए प्रपत्र 6 कम मिले हैं, वहां सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी को खुद जाकर जांच करने का निर्देश दिया गया। कहा गया कि यह पक्का किया जाए कि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट न जाए। पात्र मतदाताओं को चिह्नित कर उन्हें प्रपत्र 6 भरने के लिए जागरूक और प्रेरित किया जाए। सभी मतदान केंद्रों और प्रखंड कार्यालयों में सूची का प्रकाशन कराने का भी निर्देश दिया गया, ताकि आम लोगों को इसकी जानकारी मिल सके।

मतदाता सूची की घर-घर जाकर जांच में किसी तरह की लापरवाही न बरतने का निर्देश दिया गया। निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी और सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी भी इस काम की नियमित निगरानी करते हुए खुद जांच करें, ताकि सूची में किसी तरह की गलती की गुंजाइश न रहे। जिन मतदाताओं ने अब तक जरूरी कागजात नहीं दिए हैं, उनसे संपर्क कर कागजात लेने की जिम्मेदारी मतदान केंद्र स्तरीय अधिकारी के पर्यवेक्षक को दी गई।

विधानसभा क्षेत्रवार स्थिति की बात करें तो तमाड़ में कुल 1 लाख 87 हजार 14 मतदाताओं में से 1 लाख 83 हजार 879 मतदाता सुरक्षित हुए हैं, जो 98.32 फीसदी है। सिल्ली में कुल 1 लाख 95 हजार 803 में से 1 लाख 90 हजार 605 मतदाता सुरक्षित हुए हैं, जो 97.35 फीसदी है। खिजरी में कुल 2 लाख 98 हजार 357 में से 2 लाख 84 हजार 261 मतदाता सुरक्षित हुए हैं, जो 95.28 फीसदी है। रांची में कुल 2 लाख 42 हजार 429 में से 2 लाख 23 हजार 9 मतदाता सुरक्षित हुए हैं, जो 91.99 फीसदी है। हटिया में कुल 3 लाख 66 हजार 919 में से 3 लाख 40 हजार 212 मतदाता सुरक्षित हुए हैं, जो 92.72 फीसदी है। कांके में कुल 3 लाख 60 हजार 774 में से 3 लाख 43 हजार 154 मतदाता सुरक्षित हुए हैं, जो 95.12 फीसदी है। मांडर में कुल 3 लाख 28 हजार 691 में से 3 लाख 19 हजार 129 मतदाता सुरक्षित हुए हैं, जो 97.09 फीसदी है।