बुढ़मू (रांची): बुढ़मू प्रखंड के हेसलपीरी पंचायत स्थित हेसलपीरी लैम्पस में किसानों के बीच रबी फसल के बीज का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन कांके विधायक के विधायक प्रतिनिधि गोपाल तिवारी एवं प्रखंड अंजुमन कमेटी के सदर सह विधायक प्रतिनिधि शमीम बड़ेहार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
मौके पर गोपाल तिवारी ने कहा कि हेसलपीरी में लैम्पस शुरू होने से आसपास के गांवों के किसानों को काफी सुविधा मिलेगी। अब किसानों को बीज एवं कृषि संबंधी सुविधाओं के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने लैम्पस अध्यक्ष एवं सचिव से संस्था का संचालन ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लैम्पस का लाभ वास्तविक जरूरतमंद किसानों तक पहुंचना चाहिए। साथ ही लैम्पस परिसर में विधायक मद से बाउंड्री वॉल निर्माण कराने को लेकर कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा को अवगत कराने की बात कही।
मौके पर विधायक प्रतिनिधि राजेंद्र यादव, बबलू उरांव, सरपंच गौरव महतो, समाजसेवी डॉ. मदन महतो, संजय पटेल, हीरालाल महतो, लैम्पस अध्यक्ष बवा मुंडा, सचिव प्रकाश महतो, कोषाध्यक्ष एहसान मास्टर, सदस्य जगदेव महली, जेना भगत, अशोक कुमार सहित सैकड़ों किसान और ग्रामीण उपस्थित थे।
ठाकुरगांव लैम्पस में भी 50 प्रतिशत अनुदान पर बीज वितरण शुरू
प्रखंड के ठाकुरगांव लैम्पस में भी 50 प्रतिशत अनुदान पर बीज वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलवार को किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक प्रतिनिधि गोपाल तिवारी, विधायक प्रतिनिधि बाबलू उरांव, मुखिया जयंत देवी, मुखिया सचिन पाहन, प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष बलराम साहू, लैम्पस अध्यक्ष बिगन मुंडा एवं लैम्पस सचिव बैद्यनाथ ठाकुर, विधायक प्रतिनिधि उमेश वैद्य ने संयुक्त रूप से किया।
अवसर पर अतिथियों ने कहा कि रियायती दर पर बीज मिलने से किसानों को खेती में आर्थिक राहत मिलेगी और समय पर बुआई हो सकेगी। सचिव बैद्यनाथ ठाकुर ने बताया कि बीज वितरण पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगा। इच्छुक किसान जमीन की अद्यतन रसीद, आधार कार्ड और मोबाइल नंबर के साथ पहुंचें। मौके पर लक्ष्मण महतो, संजय कुजूर, बलराम मिंज समेत दर्जनों किसान उपस्थित थे।

