राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा पर हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम 

रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत मंगलवार को सर्कुलर रोड स्थित राजकीय अतिथि शाला में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने पारंपरिक ग्राम व्यवस्था से जुड़े प्रतिनिधियों का अभिनंदन किया। इनमें मानकी, मुंडा, ग्राम प्रधान, डाकुवा, पराणिक, जोगमाझी, कुड़ाम नायकी, नायकी, गोडैत, मूल रैयत, ग्रामीण दिउरी, पड़हा राजा, ग्राम सभा के प्रधान, घटवाल और तावेदार शामिल थे। अवसर पर उपायुक्त ने सभी को अंगवस्त्र और पौधा देकर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में उपायुक्त ने कहा कि झारखंड की पहचान उसकी समृद्ध पारंपरिक व्यवस्था और गांव स्तर की स्वशासन प्रणाली से है। इन संस्थाओं को सम्मान देना राज्य की सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करना है। उन्होंने ग्रामीण विकास में इन प्रतिनिधियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

उपायुक्त ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए प्रशासन और ग्रामीणों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने भूमि विवादों के जल्द और न्यायसंगत निपटारे, भूमि अभिलेखों की शुद्धता और पारदर्शी प्रक्रिया पर जोर दिया।

उन्होंने हड़िया में केमिकल के प्रयोग पर रोक, कुपोषण की रोकथाम, आदिवासी भूमि के संरक्षण और बाल विवाह जैसी कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता पर भी बात की। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर प्रशासन, पंचायत और समाज को मिलकर काम करना होगा।

कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह, अपर जिला दंडाधिकारी विधि-व्यवस्था धनंजय समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।