भुरकुंडा (रामगढ़): भुरकुंडा में सोमवार को सरेआम एक युवक को कार पर जबरन ले जाने का मामला प्रकाश में आया है। भुरकुंडा ओपी के निकट गणेश ज्वेलर्स के सामने से युवक को उठाया गया है। युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मामले की जानकारी पर भुरकुंडा पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है। सरेआम हुई इस घटना से क्षेत्र के लोग हैरत में हैं। 

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 4:30 बजे एक युवक काले रंग की कार से उतरकर गणेश ज्वेलर्स दुकान पहुंचा था। दुकान में कुछ देर रुकने के बाद वह बाहर निकलकर मोबाइल पर बात करने लगा। इसी दौरान वहां पहुंचे कुछ युवक उसे सफेद रंग की कार में बैठाकर सौंदा ‘डी’ की ओर ले गए।

घटना के समय मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई थी। सूचना मिलने पर भुरकुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।