बुढ़मू (रांची): बुढ़मू प्रखंड क्षेत्र के नगड़ू गांव में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर पारंपरिक मेले का भव्य आयोजन किया गया। मेले में विधायक प्रतिनिधि गोपाल तिवारी, प्रखंड प्रमुख सत्यनारायण मुंडा, उपप्रमुख हरदेव साहू, शमीम बड़ेहर, मनोज गुप्ता, मदन महतो एवं बबलू उरांव सहित कई गणमान्य शामिल हुए। मेले का उद्घाटन अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। वहीं कार्तिक पूर्णिमा मेला समिति की ओर से अंगवस्त्र देकर और बैज लगाकर अतिथियों का स्वागत किया।
मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालु शामिल हुए। सुबह से ही मेला स्थल पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। जहां मेले में सजी विभिन्न वस्तुओं की दुकानों पर लोगों ने खरीदारी की। वहीं बच्चों ने भी खिलौने, मिठाइयों और अन्य मनोरंजक चीजों का जमकर आनंद लिया।
मेले के सफल आयोजन में सनोज यादव, प्रदीप साहू, शंकर साहू सहित अन्य ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन को सफल बनाने में ग्रामीणों का सराहनीय सहयोग रहा। मेले के आयोजन से पूरे क्षेत्र में उत्सव और उल्लास का माहौल बना रहा।

