रामगढ़: सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर उत्पाद बल ने मंगलवार को रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत पोटमदगा गांव में सघन छापेमारी अभियान चलाया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में टीम ने गांव में कुल छह अलग-अलग स्थानों पर छापा मारा। छापेमारी के क्रम में करीब 100 लीटर अवैध चुलाई शराब तथा लगभग 1000 किलोग्राम फर्मेंटेड जावा महुआ बरामद किया गया।
मामले में संलिप्त आरोपियों की पहचान की जा रही है तथा उनके विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में अवर निरीक्षक उत्पाद अमित किशोर प्रसाद सहित गृह रक्षा वाहिनी के जवान शामिल थे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

