हजारीबाग: जिला खेल कार्यालय द्वारा आयोजित प्रमंडल स्तरीय भगवान बिरसा मुंडा ग्रामीण एवं स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता-2026 का मंगलवार को समापन हुआ। 23 एवं 24 नवंबर को आयोजित इस प्रतियोगिता के अंतिम दिन फुटबॉल एवं हॉकी की रोमांचक प्रतियोगिताएं खेली गईं, जिसमें विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, खेल भावना एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ भाग लिया।
फुटबॉल प्रतियोगिता के बालक वर्ग में धनबाद जिला विजेता तथा कोडरमा जिला उपविजेता रहा, जबकि बालिका वर्ग में हजारीबाग जिला विजेता और चतरा जिला उपविजेता रहा। वहीं हॉकी प्रतियोगिता के बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में हजारीबाग जिला विजेता रहा, जबकि दोनों वर्गों में रामगढ़ जिला उपविजेता रहा।
समापन समारोह के अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी हजारीबाग कैलाश राम ने विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित एवं योग्य खिलाड़ी आगामी 26, 27 एवं 28 नवंबर को रांची में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इसके लिए सभी खिलाड़ी 25 नवंबर को अपने-अपने संबंधित जिलों से रांची के लिए प्रस्थान करेंगे। इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन से ग्रामीण एवं स्वदेशी खेलों को बढ़ावा देने के साथ-साथ प्रमंडल के विभिन्न जिलों की ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त हुआ।

