रांची: महीनों से वेतन का इंतजार कर रहे एचईसी कर्मचारियों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। कंपनी के भविष्य और श्रमिकों के आर्थिक संकट को लेकर बुधवार को राजधानी रांची में विरोध के दो अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। मजदूरों ने केंद्र और राज्य सरकार से मामले में जल्द फैसला लेने और एचईसी को संकट से बाहर निकालने की मांग उठाई।
इस मुद्दे पर एचईसी मजदूर संघ के प्रतिनिधियों ने लोकभवन जाकर राज्यपाल से मुलाकात की। उन्होंने कर्मचारियों की बदहाल स्थिति, लंबित वेतन और कंपनी से जुड़ी समस्याओं को सामने रखते हुए मांग पत्र सौंपा।
इधर, एचईसी की आठ श्रमिक यूनियनों ने मुख्यालय परिसर में एकजुट होकर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।
श्रमिक संगठनों ने एनसीएलटी की कार्रवाई को लेकर भी चिंता व्यक्त की। उनका कहना है कि मौजूदा हालात में कर्मचारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। संगठनों ने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर बकाया वेतन भुगतान और एचईसी के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

