पतरातू (रामगढ़): पीटीपीएस शेष परिसंपत्ति कार्यालय द्वारा  खाली करने के लिए दुकानदारों को जारी किए नोटिस पर विरोध तेज हो गया है। दुकानदारों ने ज्ञापन के माध्यम से किसी प्रकार की कार्रवाई पर रोक लगाने और वैकल्पिक व्यवस्था देने की मांग की है। दुकानदारों ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी समेत प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित विभाग को ज्ञापन सौंप गया है। 

दुकानदारों का कहना है कि 50-60 वर्षों से दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे सैकड़ों दुकानदारों पर रोजी-रोटी का संकट आ गया है। बिना वैकल्पिक व्यवस्था और पुनर्वास के दुकानें हटाने की कार्रवाई से सैकड़ों परिवारों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा।

दुकानदारों ने ज्ञापन में नोटिस और कार्रवाई पर रोक लगाने, उचित पुनर्वास व वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था करने, वार्ता कर स्थाई समाधान निकालने की मांग की है। 

मौके पर मुखिया किशोर कुमार महतो, विधायक कार्यालय प्रभारी चंदन कुमार, मुखिया प्रतिनिधि राहुल रंजन, वीरेंद्र झा, राजू कुमार, सुजीत कुमार पटेल, राहुल कुमार सिंह, गणेश कुमार ठाकुर, निर्मल जैन, बम-बम रजक, पुरू झा, उमाशंकर अग्रवाल, रणजीत तिवारी सहित सैकड़ों दुकानदार मौजूद थे।