रांची: खूंटी जिले के लोधमा में तजना नदी के निकट मां तारा मंदिर, श्मशान काली मंदिर और आदेश आश्रम का निर्माण कराया जाएगा। इसे लेकर रविवार को लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह चतरा विधायक जनार्दन पासवान ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के बीच हवन का भी आयोजन किया गया। 

शिलान्यास के उपरांत विधायक जनार्दन पासवान ने कहा कि धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों के निर्माण से समाज में आपसी सद्भाव, एकता और भाईचारे की भावना मजबूत होती है। उन्होंने इस पहल के लिए लोधमा और खूंटी के लोगों को शुभकामनाएं दीं।

वहीं आदेश आश्रम संस्था के सचिव विष्णु कुमार ने बताया कि आश्रम और मंदिरों का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। आदेश आश्रम में आने वाले श्रद्धालुओं और आगंतुकों के ठहरने की व्यवस्था निःशुल्क रहेगी। संस्था का उद्देश्य धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम में निरंजन नाथ अघोरी, अघोरी परम गुरु पवन चौधरी और संस्थापक अध्यक्ष दीपक गुप्ता बादल के सानिध्य में वैदिक विधि-विधान के साथ हवन एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया। इस दौरान सचिव विष्णु कुमार ने अतिथियों और पदाधिकारियों को चुनरी एवं माला पहनाकर सम्मानित किया।

समारोह में संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद, कोषाध्यक्ष देवराज मिश्रा, मनीष सिंह, लोधमा की मुखिया मंजुला देवी, तरन्नुम परवीन, नीलम सोनी, दीपिका देवी, राहुल केसरी, लोक जनशक्ति पार्टी की राष्ट्रीय सचिव झीलिक सरकार, प्रदेश उपाध्यक्ष मनीषा देवी, रांची जिला अध्यक्ष उमा देवघरिया, प्रतिज्ञ सिंह, रवि रंजन, गणेश प्रसाद, रमेश भारती, प्रिंस गुप्ता, नवीन बैठा, सूरज रजक, राजेंद्र बैठा, कृति सिंह, शक्ति शर्मा, बिट्टू केसर, ज्ञान रंजन समेत कई लोग उपस्थित रहे।