पतरातू (रामगढ़): पतरातू लेक रिसोर्ट आने वाले पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर शुक्रवार को अंचल अधिकारी मनोज कुमार चौरसिया ने पुलिस निरीक्षक सत्येंद्र कुमार और थाना प्रभारी विकास आर्यन के साथ पतरातू लेक रिसोर्ट और उसके आसपास के क्षेत्र का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

इसके अलावा पर्यटन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने, कचरे के उचित निस्तारण, सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई तथा प्राकृतिक सौंदर्य को संरक्षित रखने के लिए आवश्यक उपायों पर भी चर्चा की गई। पतरातू लेक रिसोर्ट की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरणीय संतुलन को बनाए रखते हुए पर्यटन गतिविधियों के सुव्यवस्थित संचालन पर विशेष जोर दिया गया।

बताया जाता है कि जिला प्रशासन पतरातू लेक रिसोर्ट को पर्यटकों के लिए और अधिक सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने हेतु प्रयासरत है, ताकि यहां आने वाले पर्यटक बेहतर अनुभव प्राप्त कर सकें और क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।