गढ़वा: जिले के खरौंधी थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो से 180 एमएल 850 बोतलें बरामद की हैं। जिसकी अनुमानित कीमत तकरीबन एक लाख 10 हजार 500 रुपये है। पुलिस के अनुसार बीती रात खरौंधी थाना क्षेत्र के अरंगी गांव में एक बोलेरो अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। शनिवार को जब पुलिस ने उक्त वाहन की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब पाई गई। जिसपर पुलिस ने तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए वाहन सहित शराब को जब्त कर लिया। इस संबंध में खरौंधी थाना में कांड संख्या 84/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है। बोलेरो वाहन के चालक, मालिक और अन्य अज्ञात तस्करों के विरुद्ध अवैध विदेशी शराब की तस्करी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

बोलेरो से दो अलग-अलग पंजीकरण संख्या वाली कुल चार नंबर प्लेट और एक बोर्ड भी बरामद की गई हैं। जबकि बोतलों पर उत्तर प्रदेश में बिक्री के निर्देश अंकित है। पुलिस ने बताया कि उक्त सभी सामग्री को विधिवत जब्ती सूची तैयार कर जब्त किया गया है। मामले में संलिप्त चालक, वाहन मालिक और अन्य तस्करों की पहचान तथा अवैध शराब की तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे अनुसंधान जारी है।