आजसू प्रखंड स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन 

सचिव सोना लाल प्रसाद और कोषाध्यक्ष अशोक कुमार महतो बने

बुढ़मू (रांची): आजसू पार्टी के तत्वावधान में रविवार को बुढ़मू में प्रखंड स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड आंदोलनकारी सह आजसू पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता देवशरण भगत उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रखंड प्रभारी सह आजसू पार्टी रांची जिला कार्यकारी अध्यक्ष हकीम अंसारी, केंद्रीय महासचिव पार्वती देवी, पूर्व प्रमुख रामेश्वर पाहन, सुमन पाहन, केंद्रीय सदस्य रूप लाल महतो सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सम्मेलन के दौरान संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी की गतिविधियों को पंचायत स्तर तक सक्रिय करने पर चर्चा की गई। इस अवसर पर पुरानी प्रखंड कमेटी को भंग कर नई कमेटी का गठन किया गया। सर्वसम्मति से सत्यनारायण मुंडा को पुनः बुढ़मू प्रखंड अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं सोना लाल प्रसाद को सचिव तथा अशोक कुमार महतो को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा अन्य पदाधिकारियों के साथ महिला मोर्चा सहित पार्टी की विभिन्न अनुषंगी इकाइयों का भी गठन किया गया।

सम्मेलन में उपस्थित नेताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।