रामगढ़: शादीशुदा और एक बच्ची की मां ममता देवी को अरमान खान से इश्क़बाजी भारी पड़ गया। दिल्लगी की कीमत जान देकर चुकानी पड़ी। प्रेमी ने ही मार-पीटकर जान ले ली और भाग निकला। पीछे रह गई तीन साल की मासूम बच्ची, जिसे अब ममता की छांव कभी नसीब नहीं होगी।

घटना रामगढ़ जिले के बरकाकाना ओपी क्षेत्र की है। जहां 14 जनवरी की शाम हजारीबाग जिला निवासी अरमान खान उर्फ रॉकी ने प्रेमिका ममता देवी (लगभग 25 वर्ष) की बेरहमी मार-पीटकर हत्या कर दी और फरार हो गया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मामले की जानकारी पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के संबंध में मृतका की बहन जया देवी ने कहा है कि ममता शादीशुदा है और उसकी तीन साल की एक बेटी है। वह दिल्ली में अपने पति के साथ रह रही थी। ममता का प्रेम प्रसंग हजारीबाग निवासी अरमान खान से चल रहा था। अरमान फोन पर लगातार उससे मिलने का दबाव बना रहा था।
जया ने बताया कि बीते दिनों वह और उसका पति निखिल कुशवाहा दिल्ली ममता के पास गये थे। वापसी में ममता और उसकी बच्ची भी उनके साथ आ गये। सफर के दौरान हजारीबाग में अरमान उनसे मिला और उनके साथ बरकाकाना आ गया।
जया ने बताया कि भदवाटांड़ के एक किराये के मकान वे लोग रहते हैं। 14 जनवरी की शाम जया अपने पति के साथ बाजार गई थी। वापस लौटने पर पाया कि अरमान ने ममता के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर फरार हो गया है। ममता के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान पाये गये। आनन फानन में ममता को सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर, घटना को लेकर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।