पत्थरबाजी और अगजनी के बाद स्थिति तनावपूर्ण
• जिला प्रशासन के अधिकारी और पुलिस कर रही कैंप
• प्रशासन ने धारा 144 लगाई, शांति की अपील
पलामू: जिला के पांकी में दो समुदायों के बीच शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। दोनों तरफ से जमकर पत्थबाजी के बीच अगजनी भी की गई है।
जानकारी के अनुसार राहेवीर पहाड़ी मंदिर में महाशिवरात्रि को लेकर तोरण द्वार लगाया जा रहा था। जिसका एक अन्य समुदाय के लोगों द्वारा विरोध शुरू हो गया। स्थिति तनावपूर्ण हो गई और विवाद ने हिंसक झड़प का रूप ले लिया। दोनों तरफ से पत्थरबाजी हुई। अगजनी की घटना को भी अंजाम दिया गया। घटना बुधवार सुबह की बताई जा रही है।
इधर झड़प की जानकारी पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई की हुए क्षेत्र में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लगा दिया है। जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी क्षेत्र में कैंप कर रहे हैं। जगह-जगह पुलिस बल के जवान तैनात किये गये है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। जिला उपायुक्त पलामू आंजनेयुलू दोड्डे, महानिरीक्षक पलामू राजकुमार लकड़ा और पुलिस अधीक्षक चंदन सिन्हा ने विधि-व्यवस्था की कमान संभाल रखी है।
वहीं पलामू उपायुक्त ए. दोड्डे ने पांकी के लोगों से शांति बनाये रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। सोशल मीडिया पर भी प्रशासन ने पैनी निगाह रखी हुई है। अफवाह फैलाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी जा रही है।