रामगढ़: रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरपुर में रजरप्पा मोड़ स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स में पांच हथियार बंद लुटेरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। लुटेरों ने दुकान से लगभग एक करोड़ के गहने और नकद रुपये लूट लिए। तीन लुटेरे गहनों के साथ भाग निकलने में सफल रहे। जबकि अफरातफरी में दो लुटेरे स्थानीय लोगों के हत्थे चढ़ गए। जिसके बाद लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह दोनों लुटेरों को आक्रोशित लोगों के चंगुल से छुड़ाया और उपचार के लिए सदर अस्पताल ले गई। वहीं जांच पड़ताल करते हुए पुलिस अन्य लुटेरों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को दोपहर 3:30 बजे ग्राहक बनकर शिव शंकर ज्वेलर्स पहुंचे लुटेरों ने संचालक विष्णु वर्मा को गहने दिखाने की बात कही। विष्णु वर्मा गहने दिखाने लगे। इस दौरान मौका पाते ही लुटेरों ने संचालक पर पिस्टल तान दिया और लूटपाट शुरू कर दी। कुछ ही देर में लुटेरे गहने और नकद रुपए समेट कर भागने लगे। इस क्रम में विष्णु वर्मा के छोटे भाई ने शोर मचाते हुए बाहर से दुकान का ग्रिल बंद करने की कोशिश की। इस क्रम में तीन लुटेरे किसी तरह गहने लेकर भाग निकले। जबकि स्थानीय लोगों ने दुकान में दो लुटेरों को दबोच लिया।

दुकान ग्रिल बंद कर दोनों अभियुक्तों की जमकर पिटाई की गई। वहीं मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को आक्रोशित लोगों के चंगुल से मुक्त कराया। पुलिस ने अभियुक्तों के पास से पिस्टल, बाइक और मोबाइल जब्त किया। इसके उपरांत स्थानीय लोगों की पिटाई से घायल दोनों अभियुक्तों को उपचार हेतु सदर अस्पताल ले जाया गया।

वहीं घटना की सूचना पर रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुणायत घटना स्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। एसपी के निर्देश पर जगह-जगह चेकिंग कर पुलिस फरार अभियुक्तों की गिरफ्तार के प्रयास में जुट गई। एसपी ने मीडिया को दिए बयान में कहा कि दोनों अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है। कांड के फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी और गहनों की बरामदगी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। जल्द से जल्द मामले का उद्भेदन किया जाएगा। 

By Admin

error: Content is protected !!