सोलर पावर प्रोजेक्ट का भी लिया जायजा
• वन प्रमंडल पदाधिकारी रामगढ़ और स्टेट पोल्यूशन कंट्रोल बोर्ड हजारीबाग के अधिकारी भी रहे शामिल
भुरकुंडा (रामगढ़): राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के विशेष मॉनिटर (पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन और मानवाधिकार) विद्या भूषण कुमार ने गुरुवार को भुरकुंडा परियोजना का दौरा किया। इस क्रम उन्होंने सीसीएल के बलकुदरा इको पार्क और सोलर पावर प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। उनके साथ वन प्रमंडल पदाधिकारी रामगढ़ नीतीश कुमार सहित स्टेट पोल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के अधिकारी भी शामिल रहे।

उनके आगमन पर सोलर पावर प्रोजेक्ट में भुरकुंडा परियोजना पदाधिकारी कुमार राकेश सत्यार्थी ने शॉल, बुके, श्रीफल और मोमेंटो देकर अधिकारियों का स्वागत किया। इसके उपरांत विद्या भूषण कुमार ने कंट्रोल रूम में सोलर पावर प्लांट से संबंधित समूचे सिस्टम की जानकारी ली और प्लांट का अवलोकन किया।
इसके उपरांत अधिकारियों की टीम बलकुदरा इको पार्क पहुंची। जहां विद्या भूषण कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने पार्क का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रोजेक्ट के मास्टर प्लान का अवलोकन भी किया। उन्होंने कई जानकारियां ली और असंतोष जताते हुए जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। वहीं अधिकारियों ने इको पार्क की लागत, धरातल पर हो रहे कार्यों और उपयोगिता के संबंध भी पूछताछ की। साथ ही भूमिगत दरारों से निकलती गैस पर चिंता व्यक्त करते हुए समाधान करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के अंतिम चरण में अधिकारियों ने पार्क में पौधरोपण भी किया।
अवसर पर विद्या भूषण कुमार ने मीडिया से कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को शुद्ध हवा और शुद्ध पानी जरूर मिलना चाहिए। कोल माइनिंग से काफी पोल्यूशन होता है। सीसीएल इसपर क्या-क्या इनिशिएटिव ले रही है, इसका जायजा लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इको पार्क को सोशल अवेयरनेस और एजुकेशन के उद्देश्य से उपयोग किया जाना चाहिए। इसमें अधिक से अधिक स्थानीय लोगों को शामिल करना चाहिए। यहां सिर्फ निर्माण भर कराने से कुछ नहीं होगा, इसकी उपयोगिता कितनी रहती हैं और यहां गतिविधियां कितनी होगी, यह मायने रखेगा।
मौके पर सीसीएल के नमन नितेश, संजीव झा, अभिरूप कुमार, दिलीप कुमार, संगीता, राजीव, अभिनव आनंद, अभिषेक कुमार, रमेश कुमार, पप्पू सिंह, दुखचंद महली सहित अन्य उपस्थित थे।
