सड़क पर खड़े ट्रक से कार की हुई भीषण टक्कर 

रांची/जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव पर गुरुवार अहले सुबह भीषण सड़क हादसे में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की छोटी बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार सड़क पर खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लेना पड़ा।

हादसा सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी इलाके में हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक खराब होने के बाद रात करीब 10 बजे सड़क पर खड़ा था। गुरुवार तड़के तेज रफ्तार कार ( JH 05 DF 6450) अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार का एक हिस्सा ट्रक के पीछे फंस गया, जिससे उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है। हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है।

गैस कटर से काटकर निकाले गए शव

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण बचावकर्मियों ने गैस कटर की मदद से वाहन को काटकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई।  मृतकों की पहचान सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता, वंशिका खंडेलवाल और तृषा सिंह के रूप में हुई है। तृषा सिंह ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की छोटी बेटी थीं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया दुख

तृषा सिंह के निधन की खबर सामने आने के बाद झारखंड के राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया के माध्यम से दुख जताते हुए दीपिका पांडेय सिंह और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मां के लिए संतान को खोने का दर्द शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता।