रांची: गाड़ीखाना चौक स्थित राम मंदिर के निकट इस बार दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को स्वर्ण मंदिर की झलक देखने को मिलेगी। शक्ति स्रोत संघ की ओर से यहां स्वर्ण मंदिर की तर्ज पर भव्य पूजा पंडाल तैयार कराया जा रहा है। पंडाल को पर्यावरण-अनुकूल थीम पर तैयार किया जा रहा है, जिसमें सजावट के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी ध्यान रखा गया है।
पंडाल की कलात्मक संरचना, आकर्षक सजावट और विशेष प्रकाश व्यवस्था श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र होगी। आयोजन स्थल पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रवेश और निकास की व्यवस्थित व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा सुरक्षा, पेयजल और स्वच्छता समेत श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े जरूरी इंतजाम भी किए जा रहे हैं।
शक्ति स्रोत संघ के राजेश सिंह, आदर्श सिंह, दीपक सिंह, रोशन सिंह और मोहित सिंह समेत अन्य सदस्य पूजा आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं। सदस्यों के अनुसार, संघ की स्वर्ण जयंती के अवसर पर इस वर्ष पूजा आयोजन को विशेष रूप से भव्य और व्यवस्थित रूप देने की तैयारी है। पंडाल की थीम के जरिए श्रद्धालुओं को आकर्षित करने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने की भी कोशिश की जा रही है।
