मोरहाबादी में सुबह 9 बजे झंडोत्तोलन, नई घोषणाओं की संभावना
रांची: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झारखंड में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राज्यभर में 15 अगस्त को उल्लास के साथ तिरंगा फहराया जाएगा।

राज्य का मुख्य समारोह रांची के मोरहाबादी मैदान में होगा। सुबह 9 बजे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे। इसके बाद वे राज्यवासियों को संबोधित करेंगे। इस दौरान राज्य सरकार की कुछ नई योजनाओं की घोषणा भी संभव है।
वहीं दुमका में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण करेंगे। रांची के विधानसभा परिसर में सुबह 9.30 बजे विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो तिरंगा फहराएंगे।

कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने मोरहाबादी मैदान में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मौसम विभाग द्वारा बारिश की संभावना जताए जाने के बाद पंडाल में शेड की व्यवस्था की गई है। आम लोगों के लिए पीने का पानी और बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

