रातू (रांची): रातू थाना क्षेत्र के गुड्डू गांव में मंगलवार को पारिवारिक विवाद में बड़े भाई ने कुल्हाड़ी से मारकर छोटे भाई की हत्या कर दी। घटना को अंजाम देकर अभियुक्त भाग निकला। शव को कब्जे में लेकर पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार बिक्रम उरांव (44 वर्ष) मंगलवार की सुबह खेत में काम कर रहा था। जहां उसका बड़ा भाई जयनाथ उरांव भी मौजूद था। इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों भाइयों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर जयनाथ ने टांगी से बिक्रम पर वार कर दिया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को घसीटकर धान के एक खेत में फेंक दिया।
इस बीच बिक्रम की पत्नी के खेत पहुंची। जहां अपने पति को मृत देख उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। यह देखते ही जयनाथ भाग निकला। घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने रातू थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है, हालांकि विवाद की असल वजह की जांच की जा रही है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है।
